नई दिल्‍ली। टीम इंडिया के वनडे सीरीज जीतने के बाद फैंस काफी खुश थे, खिलाड़ी भी खुश थे और कप्‍तान श्रेयस अय्यर तो कुछ ज्यादा ही खुश नजर आए, लेकिन कोच गौतम गंभीर ने जीत के बाद भी कुछ ऐसा कह दिया जिसने तूल पकड़ लिया। गंभीर ने जीत के बाद कहा कि मैच तो केवल बॉलर ही जिताते हैं, आखिर वह किसकी तरफ इशारा कर रहे थे कहीं उनका इशारा विराट और रोहित शर्मा की तरफ तो नहीं था क्योंकि इस पूरे सीरीज में इन दोनों का फ्लॉप शो रहा है। जिस तरह उनके नाम पर डंका पीटा गया था उसके अनुरूप यह प्रदर्शन नहीं कर पाए। विराट तब भी थोड़ा बहुत ठीक कर गए, लेकिन रोहित तो इस पूरी सीरीज में कुछ भी नहीं कर पाए। गौतम गंभीर का यह कहना कहीं ऐसा तो नहीं कि 2027 में होने वाले वनडे विश्‍वकप की तरफ इशारा था।

न्यूजीलैंड की सरजमीं पर भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए टी20 के बाद अब वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया है। सीरीज के रोमांचक आखिरी मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बावजूद गेंदबाजों ने अपने असाधारण प्रदर्शन से हारी हुई बाजी पलट दी। महज 209 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम भारतीय गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 187 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने यह मैच 22 रनों से जीतकर सीरीज अपने नाम की।

ऐतिहासिक जीत के बाद टीम के कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। अय्यर ने इस शानदार सफलता का पूरा सेहरा गेंदबाजों के सिर बांधा। उन्होंने कहा कि पूरी सीरीज के दौरान जब भी टीम मुश्किल में फंसी, गेंदबाजों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाई और मैच का रुख बदल दिया। श्रेयस के मुताबिक, विदेशी धरती पर लगातार दो सीरीज जीतना टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

कप्तान अय्यर ने मैच के बाद कहा कि कम स्कोर बनने के बावजूद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का हौसला कम नहीं हुआ था। सभी को अपने गेंदबाजों की काबिलियत पर पूरा भरोसा था। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने मैदान पर जिस तरह से रणनीति को लागू किया, वह काबिले तारीफ है। अय्यर ने जोर देकर कहा कि यह सीरीज बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन गेंदबाजों ने हर मौके पर खुद को साबित किया। टीम के भीतर मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने का जो जज्बा दिखा, वही इस जीत की मुख्य वजह बना।