देहरादून। ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में पंजाब निवासी एक सैन्य कर्मी होटल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत अवस्था में पाया गया। होटल संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शव को एम्स की मोर्चरी में भेजा गया। पुलिस प्रथम दृष्टया में जहरीले पदार्थ के सेवन को मौत का कारण बता रही है।
शनिवार को हीरालाल मार्ग स्थित अशोका होटल के संचालक हिमांशु कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति 4 नवंबर को उनके होटल में ठहरा था। व्यक्ति ने रिसेप्शन के रजिस्टर पर अपना नाम कुलभूषण शर्मा पुत्र नरेंद्र कुमार शर्मा लिखवाया था। कुलभूषण ने अपना पता मकान नंबर 55, वार्ड नंबर 28, गली नंबर 6, प्रेम नगर, थाना डिवीजन सेकंड, पठानकोट, पंजाब बताया। होटल संचालक ने बताया कि कुलभूषण को कमरा नंबर 72 में ठहराया गया था।
बताया कि शनिवार सुबह 11:00 बजे तक कुलभूषण कमरे से बाहर नहीं आया तो होटलकर्मी राजन कुमार ने उसका दरवाजा खटखटाया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो होटलकर्मी ने दरवाजे को धक्का दिया और कुंडी टूटने से दरवाजा खुल गया। होटल कर्मी ने कमरे के अंदर का हाल देखा तो उसके होश उड़ गए। बेड पर कुलभूषण शर्मा अचेत अवस्था में पड़े थे। कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि सूचना पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया से ऐसा लग रहा था कि जहर खाने से उसकी मौत हुई है। मृतक के पास से एक आईडी कार्ड मिला, जिससे पता चला कि वह भारतीय सेना की डोगरा रेजीमेंट में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तैनात था। डोगरा रेजीमेंट में संपर्क करने पर पता चला कि कुलभूषण शर्मा छुट्टी पर घर आया था। छुट्टी समाप्त होने के बाद वह तैनाती स्थल के लिए निकला था।
कोतवाली प्रभारी ने बताया की देहरादून के गढ़ी कैंट के सैन्य अधिकारियों को सूचित किया गया। सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। बताया कि मृतक के शव को एम्स की मोर्चरी में रखवाया गया है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

