बस्ती । जिले में सोमवार देर रात उस समय तनाव फैल गया जब मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शहर के मुख्य चौराहों पर जमकर हंगामा किया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पिपरा रामकिशुन से विसर्जन के लिए निकला जुलूस जब जिला अस्पताल के पास पहुंचा, तभी यह अप्रिय घटना घटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे जुलूस में शामिल एक युवती को अचानक पत्थर लगा, जिसके बाद प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई। इस खबर के फैलते ही विसर्जन में शामिल लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने सूर्या हॉस्पिटल के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ ने पहले अस्पताल चौराहे और फिर रोडवेज तिराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने एक समुदाय विशेष के लोगों पर पत्थरबाजी और प्रतिमा खंडित करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

हंगामे की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के नेता अखिलेश सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और अधिक गरमा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) और क्षेत्राधिकारी (CO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।

काफी देर तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। अधिकारियों के भरोसे के बाद रात करीब 2 बजे प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम खोला गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच विसर्जन जुलूस को आगे बढ़ाया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है।