बिजनौर। जिले के मंडावली थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सैद उर्फ नयागांव में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों रामायण देखकर बाइक से खुशी-खुशी घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास ब्रेड से भरे छोटा हाथी वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां लता देवी बेसुध हो गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सत्यम पुत्र नरेश नांगल सोती इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। सोमवार रात वह अपने साथी दीपांशु पुत्र जितेंद्र (14) के साथ रामायण देखकर बाइक से घर लौट रहा था। गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक ब्रेड से भरे छोटा हाथी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सत्यम ने दम तोड़ दिया। वहीं, दीपांशु घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन सत्यम की मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
तीन साल पहले पिता की हो चुकी है मौत
सत्यम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता नरेश की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी थी। सत्यम की दो बड़ी बहनें हैं। पिता के निधन के बाद मां लता देवी के लिए बेटा ही सबसे बड़ा सहारा था। बेटे की असमय मौत से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने सत्यम के शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
