पोखरी। शुक्रवार देर शाम के समय पोखरी पीजी कॉलेज के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि कार सवार दो व्यक्ति घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम करीब छह बजे पीजी कॉलेज पोखरी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में बैठे तीन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया।
जहां पर मनोज जोशी (37 साल) पुत्र पितांबर जोशी निवासी गुगली, जिला चमोली को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कार में सवार यशवंत सिंह (37 साल) पुत्र कनक सिंह और नंदन सिंह (62 साल) पुत्र गब्बर सिंह दोनों निवासी ग्राम गुगली घायल हैं। दोनों का चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया कार अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई है।

