देहरादून। नई टिहरी जिले में बीती रात में टिपरी-कांडीखाल मोटर मार्ग पर मेहराब गांव के घेराबैंड के समीप एक वेगनार कार संख्या यूके 09 ए 9329 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 400 मीटर नीचे खाई में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे। जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वाहन चालक घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है तीनों लोग सहकारी बैंक व समितियों के कर्मचारी थे। रात 11 बजे शादी समारोह से वापस नई टिहरी लौट रहे थे।
नई टिहरी कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना में तेजपाल सिंह ( उम्र 36 वर्ष) पुत्र किशोरी लाल निवासी उठड़ जखणीधार और नरेन्द्र राणा ( उम्र 30 वर्ष) पुत्र केदार सिंह निवासी फलेंडा घनसाली की मृत्यु हो गई। जबकि दीपक कुमार ( उम्र 31 वर्ष) पुत्र किशोरी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सुबह पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। उनके परिजनों को भी सूचित किया जा रहा है।

