देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने दुकान से लाखों के सामान की चोरी का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सामान भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त वाहन और लोहे की रोड भी बरामद की है।
एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि 16 सितंबर को कोतवाली पटेलनगर में हरि सिंह थापा निवासी कारगी चौक शक्ति विहार मंडी ने तहरीर दी थी। बताया कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।
दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो तीन लोग चोरी करते देखे गए। इसके बाद घटना में प्रयुक्त वाहन के घटनास्थल से जाते हुए मार्ग में विभिन्न स्थानों में लगे कुल 78 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। वाहन पर लगे नंबर प्लेट की जांच की गई तो वाहन दीपक जैन निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी नई दिल्ली के नाम पर पंजीकृत पाया गया।
बृहस्पतिवार को टीमों ने मौहम्मद हाशिम निवासी मौहल्ला बरबलान थाना मुगलपुरा मुरादाबाद, मौहम्मद एहसान निवासी मजार बारादरी थाना कोतवाली मुरादाबाद, मूल पता पीपलसाना भोजपुर मुरादाबाद व रईस अहमद निवासी नवाबपुरा नागफनी जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से सेंट्रो वाहन में चोरी किए सिगरेट के 2300 पैकेट बरामद किए गए। वाहन से दो लोहे की रोड व फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने पूर्व में भी कई चोरियों की बात स्वीकारी है। आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज है। बताया कि उनकी पुलिस से मुठभेड़ भी हो चुकी है।

