बलरामपुर। क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे चिकित्सक विकास तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घोरीपुर निवासी लल्लू तिवारी ने बताया कि हादसा मंगलवार को दोपहर करीब 11 बजे हुआ। घोरीपुर निवासी विकास तिवारी पुत्र ध्रु्व नारायन तिवारी हसउपुर से मोबाइल चार्ज कराने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सदुल्लाहनगर की तरफ से एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आई। बाइक पर दो लड़कियां भी सवार थीं। आरोप है कि मोटरसाइकिल ने विकास को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही विकास सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। उनके नाक से खून निकलने लगा और इसके बाद लगातार उल्टियां होने लगीं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई।
लल्लू तिवारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल चालक की पहचान शबान मलिक पुत्र असलम मलिक, निवासी कुश्मौरा घाट, गजपुर ग्रांट के रूप में बताई गई है। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। वहीं क्षेत्र के लोगाें में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर निकलते हैं। जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं सूत्रों के अनुसार जिस बाइक से हादसा हुआ उसके चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

