16 घंटे ठप रही 400 घरों की बिजली, गर्मी से बिलबिलाते रहे लोग

electric
0 0

बुलंदशहर। चोला में रातभर चार सौ घरों की बिजली गुल रहने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरने के 16 घंटे बाद गांव के आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीणों ने जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया है। बिजली के गुल रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

चोला चौकी क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी गणपत सिंह, वर्तमान ग्राम प्रधान सत्यपाल सिंह, रामकिशन, पिंकू, सीताराम, कुलदीप, सुमन देवी, ज्ञानवती देवी, वीरू, मदन सिंह, अनु,, अमित, देवेंद्र आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में करीब आठ बजे बिजली अचानक चली गई। बताया कि तीनों मोहल्लों में चार सौ घर है।

घंटों बिजली के नहीं आने पर जब उन्होंने आपूर्ति को बहाल कराने के लिए जेई को फोन किया तो जेई फोन नहीं उठाया। रात भर बिजली के गुल रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी। सुबह भी आपूर्ति के बहाल नहीं होने के कारण लोगों को दैनिक कार्यों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया कि जेई के सुबह भी फोन नहीं उठाने पर उनके सब्र का बांध टूट गया और विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिसके बाद हरकत में आए विभाग के अफसरों ने फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति को बहाल कराया। दोपहर 12 बजे 16 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति को बहाल किया गया। जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

इंवर्टर ने दिया जवाब
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार 16 घंटे तक बिजली के गुल रहने के कारण घरों में लगी बैट्री और इंवर्टर ने भी जवाब दे दिया। जिसके चलते उन्हें भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी। बताया कि बिजली नहीं आने के कारण लोगों के मोबाइल चार्ज नहीं हो पाए। मोबाइल के बंद हो जाने के कारण लोगों का एक दूसरे से संपर्क टूट गया।

लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई थी। फाल्ट को तलाश कर ठीक करने में समय लगा। दोपहर 12 बजे आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। – जेई ओमप्रकाश।

advertisement at ghamasaana