
हर कोई चाहता है कि वह फिट रहे। इसके लिए लोग एक्सरसाइज का सहारा लेते हैं तो कुछ लोग डाइटिंग करने लगते हैं। कई बार लोग उल्टे सीधे एक्सरसाइज करके खुद को बीमार कर लेते है, कुछ ऐसे भी होते हैं कि कुछ दिन एक्सरसाइज किया और फिर छोड़ दिया। चिकित्सकों की माने तो एक्सरसाइज का फायदा आपको तभी होगा जब आप इसे प्रापर और नियमित करें। नहीं तो यह आपको फायदा कम नुकसान अधिक पहुंचा सकता है।
मेदांता अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. राजेंद्र मिश्र कहते हैं कि वैसे तो सर्दी का मौसम एक्सरसाइज के लिए सबसे अच्छा होता है, लेकिन अब लोग स्वास्थ्य को लेकर काफी गंभीर हो गए हैं और इसके लिए वह गर्मी में भी वर्कआउट करते हैं। वैसे भी आजकल जिम वातानुकूलित हो गए हैं। हालांकि डॉ मिश्र कहते हैं कि गर्मी के दिनों में वर्कआउट थोड़ा कम ही करना चाहिए। दरअसल बाहर बहुत गर्मी होती है, इसलिए यह एक्सरसाइज करने के लिए बेहतर मौसम नहीं होता है। यदि आप पहली बार एक्सरसाइज करने की शुरुआत कर रहे हैं तो बेहतर है कि आप सर्दियों में इसकी शुरुआत करें।
डॉ. राजेंद मिश्र कहते हैं कि जब आप गर्मी में एक्सरसाइज करते हैं, तो शरीर पर अधिक स्ट्रेस पड़ता है। गर्मी में एक्सरसाइज करने से शरीर गर्म हो जाती है। इससे हार्ट के ऊपर भी लोड आ जाता है, यदि आप गर्म क्लाइमेट में एक्सरसाइज करते हैं। वहां एसी नहीं है तो शरीर का बेजल मेटाबॉलिक रेट या बीएमआर भी बढ़ जाता है। इससे शरीर के सिस्टम पर अधिक लोड आ जाता है। जैसे हार्ट, किडनी आदि को अधिक काम करना पड़ जाता है।
डॉ. मिश्र आगे कहते हैं कि गर्मी हो या सर्दी, एक्सरसाइज करने का सबसे बेहतर समय सुबह होता है। गर्मी अधिक है, तो एक्सरसाइज करने से पहले ठंडे पानी से स्नान कर लेना चाहिए। इसके बाद एक्सरसाइज या वर्कआउट करें और फिर जब शरीर थोड़ा कूल हो जाए, तो नाश्ता करके आप फिर से नहा लें। इससे शरीर को आराम महसूस होगा। आप एक्सरसाइज एसी वाली जगह पर कर रहे हैं। तो ये बेस्ट है, एक्सरसाइज करने से पसीना अधिक होता है। ऐसे में पानी का सेवन खूब करना चाहिए।
डॉ. मिश्र कहते हैं कि गर्मी के दिनों में कार्डियो एक्सरसाइज जैसे वॉकिंग, जॉगिंग, रनिंग करना चाहिए। 45 मिनट का वर्कआउट कर सकते हैं। मसल्स बिल्डिंग के लिए वर्कआउट करते हैं, तो गर्मियों में 20.30 मिनट करना ही काफी है। जिन लोगों को कोई समस्या जैसे हार्ट प्रॉब्लम, अस्थमा, फेफड़े की समस्या है, तो उन्हें हेवी एक्सरसाइज नहीं करना चाहिए। इसकी बजाय टहल सकते हैं या फिर जॉगिंग कर सकते हैं। रात में खाना खाने के बाद हेवी एक्सरसाइज करने से बचें। आप चाहें तो टहल सकते हैं।