मेरठ ! जिले में चोरी की गाड़ियों के कटान के लिए देशभर में कुख्यात रहा सोतीगंज बाजार एक बार फिर पुलिस की रडार पर है। योगी सरकार की सख्त कार्रवाई के बाद इस बाजार को पूरी तरह बंद करा दिया गया था, लेकिन हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि यहां चोरी-छिपे दोबारा गाड़ियों के कटान का काम शुरू हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए मेरठ पुलिस ने सोतीगंज इलाके में भारी फोर्स के साथ छापेमारी और सत्यापन अभियान तेज कर दिया है।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोतीगंज में पुलिस की टीमों ने अचानक दबिश दी। इस दौरान कुख्यात कबाड़ी हाजी गल्ला समेत अन्य प्रमुख कबाड़ियों की दुकानों और गोदामों की गहनता से जांच की गई। पुलिस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि बंद हो चुके इस अवैध कारोबार की जड़ें दोबारा न पनप सकें। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पुराने स्टॉक और वर्तमान में वहां रखे सामान का मिलान भी किया।

मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सदर बाजार और दिल्ली गेट थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें इलाके में रहने वाले बंजारों और संदिग्धों का सत्यापन कर रही हैं। उनकी पूरी जानकारी और पहचान पत्र एक विशेष ऐप पर अपलोड किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि पर लगाम कसी जा सके।

इसके साथ ही पुलिस प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि सोतीगंज का कारोबार बंद होने के बाद वहां के लोग अब अपनी आजीविका के लिए कौन से साधन अपना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में अवैध कटान का धंधा दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा। इस कार्रवाई से इलाके के कबाड़ियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की पैनी नजर अब उन लोगों पर है जो पूर्व में इस अवैध धंधे में लिप्त रहे हैं।