बस्ती। निजी चिकित्सालय में बच्ची की मौत के मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। करीब सवा साल पहले हुए मामले में कोर्ट के आदेश पर धमकी देने सहित एससी. एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय बनकटी पर स्थित प्राइवेट अस्पताल ग्लोबल हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर सजनाखोर में विगत वर्ष 12 जून 2022 को अमृता देवी पत्नी ऋषिराज निवासी ग्राम हल्लौर नगरा, थाना मुंडेरवा, बस्ती जो की गर्भवती थी। उन्हें 12 जून को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक ग्लोबल हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर में भर्ती कराया गया था।
वादी ऋषिराज के अनुसार चिकित्सालय द्वारा अल्ट्रासाउंड करके बच्चे का वजन कम होने एवं विकलांग बताकर लापरवाही पूर्वक डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बच्चा पैदा कराया गया, कुछ देर के बाद बच्चा बदलकर लड़के की जगह पर मृत लड़की का शव दे दिया गया और बताया गया कि 5 दिन से पेट में बच्ची मरी हुई थी। पीड़िता अमृता के पति ऋषिराज के अनुसार चिकित्सालय की लापरवाही के कारण पेट में गंदा खून व पानी जमा हो जाने से पत्नी के बच्चेदानी में कैंसर का रूप ले लिया है।
उक्त प्रकरण की शिकायत करने पर उसे अपमानित करने के आशय से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गुप्ता दिया गया। वादी ऋषिराज ने कोर्ट के माध्यम से वीर नारायन चौधरी पुत्र हरिश्चन्द्र चौधरी, डॉ. मनोज कुमार पुत्र अज्ञात निवासीगण ग्राम देवमी, थाना लालगंज बस्ती, सूरज चौधरी पुत्र राजाराम चौधरी ग्राम अनुपाखोर थाना लालगंज, बस्ती, डॉ. राधिका चौधरी, रेनू, रुखसार पिता पति तथा पता अज्ञात के खिलाफ लालगंज थाने में धारा 269, 420, 504 आईपीसी एवं एससी. एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी रुधौली प्रीति खरवार करेंगी।