देहरादून। उत्तराखंड को बड़ी सौगात देते हुए पीएम मोदी (pm modi) ने शनिवार को 15626 योजनाओं का शिलान्यास और 2573 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा उत्तराखंड का सभी दाणा सयानो, दीदी भूलियो, चची और भय बहणों, आप सभी छ मेरा प्रणाम। गढ़वाली भाषा मे पीएम मोदी ने भाषण की शुरुआत की। उत्तराखंड का विकास डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीते 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। यहां की सरकार इन्हें धरातल पर उतार रही है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों की कड़ी मेहनत व अनेक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ये दिन आया है। मैं केदारपुरी के बाद देहरादून से दोहरा रहा हूं। ये परियोजनाएं इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएंगी। जो लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का क्या फायदा है। वह देख सकते हैं, कैसे ये सरकार विकास की गंगा बहा रही है। दस साल में देश मे जो घोटाले हुए, उसकी भरपाई के लिए हम दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं ।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत नवनिर्माण में जुटा है । देवभूमि में श्रद्धालु, उद्यमी, प्रकर्ति प्रेमी भी आते हैं, उनके लिए अभूतपूर्व काम किया जा रहा है । चार धाम ऑल वेदर रोड के तहत अब रुकावटें दूर हो चुकी है, बदरीनाथ यात्रा में अब इंतजार नहीं होगा। यह यात्रा पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुखद हो जाएगी। बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में अनेक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो रहा है ।

पीएम मोदी ने कहा कि 2019 में 10 लाख से ज्यादा लोग केदारनाथ आये। पुनर्निर्माण ने सुविधा और रोजगार बढ़ाये। पहले जब भी मैं उत्तराखंड आता था या यहां के लोगों से मिलता था तो लोग कहते थे कि दिल्ली से देहरादून की यात्रा गणेशपुर तक तो ठीक होती है लेकिन आगे बहुत दिक्कत होती है। आर्थिक गलियारे से ये समस्या दूर होने जा रही है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे हमारे विकास के मॉडल का भी प्रमाण होगा। इसमें एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनेगा।
उत्तराखंड के औषधीय गुणों वाली जड़ी बूटियों की मांग पूरी दुनिया मे है। सेलाकुई की सगंध पौधा केंद्र की प्रयोगशाला रोजगार की राह मजबूत करेगी हमारे लिए उत्तराखंड तप और तपस्या का मार्ग है।
2014 तक कि जो सरकार थी, उसने उत्तराखंड में केवल 288 किलोमीटर नेशनल हाईवे बनाये थे, जबकि हमारी सरकार ने 7 साल में 2000 किलोमीटर लंबे हाईवे का निर्माण किया है। पहले की सरकार ने उत्तराखंड में नेशनल हाईवे पर 7 साल में 600 करोड़ खर्च किया। हमारी सरकार ने 7 साल में 12000 करोड़ से अधिक खर्च किया
इससे पूर्व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में कश्मीर से 370 हटाई गई। कोरोना महामारी में हमारी सरकार ने जो काम किये हैं, दुनिया के कई देश नहीं कर पाए। पीएम के विचारों पर चलकर ही आज उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। यह पीएम मोदी के समर्पण का ही नतीजा है कि आज उत्तराखंड को 18 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। सड़क मार्ग हो या पहाड़ पर रेल, देवभूमि के शहरों को हवाई सेवा से जोड़ना हो, सभी दिशा में हमारी सरकार काम कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि हमने प्रदेश के हक हुकूक धारियों को सर्वोपरि रखते हुए फैसला लिया है। मैं 5 माह से मुख्य सेवक के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करने की कोशिश कर रहा हूं। जब तक मैं उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता के लिए बेहतर काम नहीं करूंगा, चैन से नहीं बैठूंगा। कोई ऐसा वर्ग नहीं जिसके लिए योजना नहीं बनाई हो।
पीएम मोदी को अपना आदर्श बताया। सीएम धामी ने कहा कि मुझे गर्व है कि मेरे जैसे सैन्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को इस राज्य का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया गया है।आज हमारी सेना दुश्मन को उनके घरों में घुसकर मारती है कुछ तत्व ऐसे हैं जो राजनीति की आड़ लेकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे देश के कुछ असामाजिक तत्व दीमक के समान हैं, हमें उनसे सावधान रहना होगा। चुनाव आने वाले हैं, यह स्वार्थी तत्व तरह तरह की बातें करेंगे। हमारे प्रदेश भर में ऐसे दल व नेता हैं जो साढ़े चार साल बाद सक्रिय होकर जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि जिन लोगों ने उत्तराखंड राज्य बनाने का विरोध किया था, आज वह उत्तराखंडियत की बात कर रहे हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले देश विरोधी हैं। हमें 2025 में रजत जयंती तक उत्तराखंड को देश का विश्वस्त राज्य बनाने है। पीएम मोदी ने भाषण देने के बाद सीएम धामी का कंधा थपथपाया। 15626 की योजनाओं का शिलान्यास और 2573 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है।
