देहरादून। दो बड़ी भर्ती परीक्षाओं की तिथियां टकराने से परेशान युवाओं को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बड़ी राहत दी है। आयोग ऐसे उम्मीदवारों के परीक्षा केंद्र हरिद्वार या आसपास ही बनाएगा। दरअसल, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से इंटरमीडिएट स्तर की कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा 31 अक्तूबर को होने जा रही है।
इसी दिन, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता संवर्ग (समूह ग) भर्ती परीक्षा भी होनी है। इस वजह से तमाम उम्मीदवार परेशान थे जो कि आयोग से राहत की गुहार लगा रहे थे। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि ऐसे उम्मीदवार हर हाल में 21 अक्तूबर तक ई-मेल के माध्यम से आयोग को अपनी परीक्षा के बारे में अवगत करा दें। जो उम्मीदवार अनुरोध करेंगे, उन्हें ही हरिद्वार या आसपास के क्षेत्र में परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। ताकि वह दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकें। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जारी की संशोधित विज्ञप्ति
प्रदेश में सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) शारीरिक मानक परीक्षा एक नहीं बल्कि दो दिन होगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने इसकी संशोधित विज्ञप्ति जारी कर दी है। दरअसल, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पहले 25 अक्तूबर की तिथि शारीरिक मानक परीक्षण के लिए तय की थी। यह परीक्षण अब 25 व 26 अक्तूबर को होगा। आयोग के सचिव कर्मेन्द्र सिंह के मुताबिक, परीक्षा का स्थान 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार ही रहेगा। उम्मीदवार इसी हिसाब से परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

