शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में कैराना के कांधला रोड पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 15 वर्षीय किशोर सहित दो लोगों की जान चली गई। इस हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैराना के मोहल्ला अफगानान निवासी जावेद उर्फ अजीम, सलमान, जुनैद और आहद कांधला में मेला देखकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे ऊंचा गांव के पास पहुंचे, तो उनकी बाइक की दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, 15 वर्षीय आहद का सिर सड़क से टकराने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, 22 वर्षीय जावेद उर्फ अजीम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सलमान और जुनैद की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
