बारिश में दुकान की दीवार गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत

2 0

बागपत। कस्बे में कांहड मार्ग पर बारिश के कारण दुकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर छह साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि उसका 12 साल का भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव को दफना दिया।
दोघट कस्बे में कांहड़ मार्ग पर रणधीर रोड़ी बजरपुर की दुकान करता है। दुकान के पास खाली जगह पड़ी हुई है। बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे नीरज पुत्र स्व मांगेराम का छह साल बेटा गोलू और 12 साल का विनय अपने बाबा राजेंद्र के पास से घर आ रहे थे। बारिश के कारण दोनों दुकान के पास खाली जगह से निकल रहे थे।

इसी दौरान दुकान की लगभग 16 फुट लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिसके मलबे के नीचे दोनों सगे भाई दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर रणधीर मौके पर दौड़ा तो मलबे से विनय का एक हाथ दिखाई दिया। उसने किसी तरह विनय को मलबे से बाहर निकाला। कई लोग और भी मौके पर पहुंच गए। विनय ने उसे बताया कि उसका छोटा भाई गोलू भी मलबे के नीचे दबा हुआ है।

लोगों ने मलबा हटाकर गोलू को भी बाहर निकाला, लेकिन मौके पर गोलू की मौत हो चुकी थी। घायल विनय को आस्था अस्पताल बड़ौत में भर्ती कराया है। हादसे के बाद नीरज के घर कोहराम मच गया।

गोलू की मां पूनम, बहन वंशिका, दादी संसारी ताऊ अमरपाल का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीदार प्रदीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया, परिजनों ने बच्चे के शव को दफना दिया है।

advertisement at ghamasaana