देहरादून। राज्य सभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की पहल पर केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने उत्तराखंड में इंटरनेट एक्सचेंज खोलने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर एक नवंबर को देहरादून में राज्य के पहले इंटरनेट एक्सचेंज का उद्घाटन करेंगे बलूनी ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।

पिछले दिनों उन्होंने केंद्रीय आईटी राज्यमंत्री से उत्तराखंड में इंटरनेट एक्सचेंज खोलने का प्रस्ताव दिया था। उनके इस प्रस्ताव पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने सहमति दे दी थी। अनिल बलूनी ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड के हर जिले में एक इंटरनेट एक्सचेंज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि उनकी यह कोशिश रहेगी कि उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में ऐसे ही सक्षम इंटरनेट एक्सचेंज की स्थापित हो इससे पर्वतीय और दूरदराज के गांवों में भी इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी।

बलूनी ने बताया कि इंटरनेट एक्सचेंज से कई लाभ होंगे। इंटरनेट की गति बढ़ जाएगी। दुर्गम क्षेत्रों में भी सहज रूप से नेट की सुविधा प्राप्त होगी। ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों वर्क फ्रॉम होग से जुड़े नौजवानों व सरकारी विभागों, गैर सरकारी संस्थानों को अपने ऑनलाइन कार्यों में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि इंटरनेट की गुणवत्ता में सुधार होने से उत्तराखंड में कॉल सेंटर्स और बीपीओ संस्थानों की संभावना बढ़ जाएगी जो कि प्रत्यक्ष रूप से राज्य के नौजवानों के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी। बकौल बलूनी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास हम देख रहे हैं और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं। वह अब तक केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को कई बड़ी सौगात दिला चुके हैं।