
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में लगातार बिगड़ रहे हालात के बीच वहां से अपने लोगों को निकालने का भारत सरकार का मिशन जारी है। रविवार देर रात से सोमवार सुबह 5.10 के बीच विभिन्न मार्गों से एक के बाद एक चार विमान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे, जिसमें 146 यात्रियों को लाया गया। कई लोगों ने कहा कि भारतीय धरती पर पहुंचकर सुकून मिल रहा है।
अफगानिस्तान से भारत आने वाले सभी यात्रियों की कोरोना जांच की गई, जिनमें दो यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। इन्हें क्वारंटाइन किया गया है। इनमें से एक मेघालय व दूसरा आंध्र प्रदेश का रहने वाला है।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सबसे पहले कतर एयरवेज के विमान ने रविवार देर रात 1.55 पर लैंडिंग की। इसमें 30 यात्री ऐसे थे, जिन्हें काबुल से सुरक्षित निकालकर यहां पहुंचाया गया।
इसके बाद 3.10 बजे एयर इंडिया का विमान रनवे पर उतरा। इसमें एक यात्री थे, जिन्हें काबुल से सुरक्षित निकालकर पहले कतर और फिर यहां लाया गया था। इसके बाद सोमवार सुबह पौने पांच बजे इंडिगो के विमान से 11 यात्रियों को लाया गया। सुबह 5.10 बजे विस्तारा की उड़ान से 104 यात्री उतरे।