टीवी और डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता अमल सहरावत ने मशहूर फैशन डिजाइनर जेजे वलाया के लिए रैंप वॉक किया। कई साल बाद मॉडलिंग की दुनिया में वापसी उनके लिए खास अनुभव रही। इस दौरान उन्होंने अपने शुरुआती करियर की यादें साझा कीं और बताया कि समय के साथ फैशन इंडस्ट्री में किस तरह बदलाव आया है।
अमल सहरावत ‘छोटी सरदारनी’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे टीवी शो में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘अनटचेबल्स’, ‘होम’ और ‘क्रैकडाउन’ जैसे डिजिटल प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। वह ‘सत्या 2’ और ‘सरकार 3’ जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं।
अमल ने कहा कि मॉडलिंग उनके सफर का बेहद खास हिस्सा रही है, क्योंकि उनके करियर की शुरुआत इसी क्षेत्र से हुई थी। कई साल बाद जेजे वलाया जैसे डिजाइनर के लिए रैंप पर चलना उनके लिए पुरानी यादों को ताजा करने वाला अनुभव रहा। उनके मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें अपने व्यक्तिगत और पेशेवर सफर में आए बदलावों को महसूस करने का मौका दिया।
फैशन इंडस्ट्री में आए बदलावों पर अमल ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने फैशन को पेश करने और लोगों तक पहुंचाने के तरीके को बदल दिया है। पहले फैशन वीक, मैगजीन और रैंप पर अधिक ध्यान दिया जाता था, जबकि अब मॉडल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि माध्यम बदलने के बावजूद आत्मविश्वास, अनुशासन, अपनी अलग पहचान और पहनावे को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी।
जेजे वलाया के शो में अमल नीले और टील रंग के परिधान में नजर आए। उन्होंने आधुनिक भारतीय शैली वाली बंदगला जैकेट पहनी थी। अभिनेता ने कहा कि पोशाक की सादगी और खूबसूरत रंग संयोजन ने उन्हें खासा प्रभावित किया।
अमल ने मॉडल नयोनिका चटर्जी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि रैंप पर उनका आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और पहनावे को खास अंदाज में प्रस्तुत करने की क्षमता उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।
