मुज़फ्फरनगर। अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या काकरान की सगाई मेरठ निवासी नेशनल खिलाड़ी सचिन प्रताप के साथ हुई है। अब वह सचिन के संग फेरे लेकर नई ज़िन्दगी की शुरुआत करेंगी।
सगाई समारोह में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल समारोह में शामिल हुए। पुरबालियान गांव की बेटी दिव्या काकरान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम ऊंचा किया है। दिव्या के पिता सूरज पहलवान ने बताया कि जनवरी माह में दोनों परिवारों ने रिश्ता तय किया था।
मेरठ रोड स्थित होटल में दिव्या की सगाई नेशनल बॉडी बिल्डर खिलाड़ी सचिन प्रताप के साथ हुई है। सचिन मूल रूप से शामली के जाफरपुर गांव का रहने वाले हैं। इन दिनों परिवार के साथ मेरठ में रहते हैं। समारोह मेें खिलाड़ियों और गणमान्य लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

