बस्ती । जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हर्रैया थाना क्षेत्र के बसेवाराय गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय युवक ने एक युवती से बातचीत करने की जिद पूरी न होने पर उसके घर के सामने ही खुद को गोली मार ली। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान परशुरामपुर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर गांव निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवकुमार बसेवाराय गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार का रिश्तेदारी की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह युवती से बात करने के लिए काफी समय से प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती और उसके परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे और बातचीत करने को तैयार नहीं थे।

बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे शिवकुमार युवती के घर के बाहर पहुंच गया और उससे मिलने की जिद करने लगा। वहां मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आवेश में आकर उसने अपने पास छिपाकर रखा अवैध तमंचा निकाला और पहले खुद को मारने की धमकी दी। इससे पहले कि कोई उसे रोक पाता, उसने तमंचा अपने सीने से सटाकर ट्रिगर दबा दिया।

गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह और थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला एकतरफा जिद और प्रेम प्रसंग का लग रहा है।