नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम का प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा फिलहाल टल गया है। बीसीसीआई ने बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए यह फैसला लिया है। टीम इंडिया को 17 अगस्त से 31 अगस्त तक बांग्लादेश में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलने थे, लेकिन अब यह सीरीज 2026 में आयोजित की जाएगी।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “बांग्लादेश में राजनीतिक हालात अस्थिर हैं। हालिया प्रदर्शनों और सत्ता परिवर्तन के बाद हम खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। इसलिए इस सीरीज को 2026 में पुनर्निर्धारित किया जाएगा।”
गौरतलब है कि पिछले साल बांग्लादेश में आरक्षण नीति के खिलाफ छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार को पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार गठित हुई, जो फिलहाल बांग्लादेश का प्रशासन देख रही है।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि चूंकि इस सीरीज से वनडे चैंपियनशिप के अंक जुड़े हैं, इसे रद्द नहीं किया जाएगा बल्कि भविष्य में आयोजित किया जाएगा। बीसीसीआई चाहता है कि बांग्लादेश में अगले साल होने वाले आम चुनावों के बाद हालात स्थिर हों और फिर वहां दौरा कराया जाए।
क्रिकेट प्रशंसकों को भले ही इस फैसले से निराशा हुई हो, लेकिन बीसीसीआई का कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। बांग्लादेश में अगले साल की शुरुआत में चुनाव कराए जाने की उम्मीद है, जिसके बाद ही क्रिकेट की वापसी पर फैसला होगा।
