बिजनौर । जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की जिद करने पर एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आरोपी ने पहले चुनरी से प्रेमिका का गला घोंटा और फिर चाकू से वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने घटना के करीब 40 दिन बाद मृतका का शव बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, युवती काफी समय से अपने प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर प्रेमी ने खौफनाक कदम उठाया और हत्या करने के बाद शव को छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने युवती के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई थी। उन्हें लगा कि युवती अपनी मर्जी से घर छोड़कर कहीं चली गई है और शायद उसने प्रेम विवाह कर लिया होगा।

पुलिस को जब इस मामले की भनक लगी, तो उन्होंने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव के अवशेष बरामद किए। करीब दो महीने बाद शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।