देहरादून। नगर निगम में दो दिन से वेबसाइट नहीं चलने के ​कारण जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं, जिससे रोजाना हजारों लोग परेशान हैं। ​​स्थिति ये है कि लोग अपने काम धंधे छोड़कर दिन भर निगम कार्यालय में वेबसाइट चलने का इंतजार करते रहते हैं, वे बार बार कर्मचारियों से वेबसाइट चलने के ​बारे में पूछते हैं लेकिन उन्हें हर बार ना में ही जवाब मिलता है। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि कई बार संबं​धित विभाग में ​​शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

बृहस्पतिवार को दूसरे दिन प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे नरेश, ​पिंटू, राजेश, बबीता आदि ने बताया कि वह दो दिन से आ रहे हैं। यहां पूरा दिन लग जा रहा है लेकिन कोई काम नहीं हो रहा है। परिजन की मृत्यु के बाद प्रमाणपत्र बने बिना उनसे संबं​धित वारिसान जैसा कोई काम नहीं हो पा रहा है।

सबसे अ​धिक परेशानी उन अ​भिभावकों को हो रही है जिनके बच्चों का स्कूलों में एड​मिशन होना है। जन्म प्रमाणपत्र के बिना उन्हें प्रवेश फार्म भरने और आधार बनवाने में दिक्कत हो रही है। वहीं इस संबंध में परेशान होकर स्थानीय निवासी आरके ने पीएमओ में भी ​​शिकायत की लेकिन शाम तक वहां से भी काेई राहत नहीं मिली।