देहरादून। उत्तराखंड में जारी मूसलाधार बारिश के चलते चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए रोक दिया गया है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट के मद्देनज़र यह फैसला लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश से यमुनोत्री हाईवे समेत कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग बाधित हो गए हैं। इससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। प्रशासन और पुलिस को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर समेत कई स्थानों पर तीर्थयात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से बचा जा सके।
यमुनोत्री धाम जाने वाले रूट पर जानकीचट्टी, फूलचट्टी, खरसाली, राना चट्टी और स्याना चट्टी क्षेत्रों में करीब एक हजार से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। प्रशासन द्वारा इन सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।
गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि हालात सामान्य होने पर ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा। पुलिस और SDRF की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात हैं, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत व बचाव कार्य किया जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से फिलहाल बचें। चारधाम यात्रा से जुड़े अपडेट के लिए अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
