देहरादून। भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।
पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भर में आज आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। सभी जिलाध्यक्षों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि कपूर की अंतिम यात्रा दो बजे उनके आवास इंदिरा नगर से प्रस्थान कर 2:30 से 3 बजे भाजपा मुख्यालय में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जायेगा। तत्पश्चात लखीबाग में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सबसे वरिष्ठतम विधायक , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री हरबंस कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार औऱ उनके हज़ारों प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठतम विधायकों में से एक हरबंस जी ने अनेक संघर्षों से पार्टी संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया । उत्तराखंड बनने के बाद विधानसभा के अध्यक्ष के रूप आपने अपनी अमिट छाप छोड़ी। हाल ही में पार्टी कार्यालय में आपसे भेंट हुई थी। हमेशा ज़िंदादिली और सरलता के लिए जाने जाने वाले बड़े भाई हरबंस अब हमारे बीच नहीं रहे।
आपका अचानक जाना मेरे साथ-साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं और जनता की व्यक्तिगत क्षति है। परमपिता परमेश्वर पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों तथा प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरबंश कपूर अकस्मात निधन से दुखी होकर कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ सभी कांग्रेस जनों ने दिलाराम चौक पर दो मिनट का मौन रख के गहरा शोक व्यक्त किया।

