देहरादून l ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम के साथ सचिवालय स्थित कार्यालय में दुर्व्यवहार करने के साथ ही गाली गलौज और धमकी दी गई। आरोप है कि बॉबी पंवार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। बीचबचाव करने निजी सचिव और अपर निजी सचिव आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की, हाथापाई और मारपीट करते हुए शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न की गई।

इस संबंध में सचिव ऊर्जा मीनाक्षी सुंदरम के वरिष्ठ निजी सचिव कपिल कुमार ने एसएसपी अजय सिंह को तहरीर दी है। बताया कि बुधवार शाम 6:25 बजे के आसपास सचिव ऊर्जा मीनाक्षी सुंदरम के सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के कार्यालय कक्ष संख्या 201 में बॉबी पंवार अपने 2 साथियों के साथ मिलने आया। सचिव ने मिलने के लिए उन्हें अपने कमरे में बुलाया।

आरोप है कि इस दौरान बॉबी पंवार ने सचिव के साथ दुर्व्यवहार किया। गाली-गलौच, डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी दी। सचिव मीनाक्षी सुंदरम ने उन्हें (कपिल कुमार वरिष्ठ निजी सचिव) और अनूप डंगवाल, अपर निजी सचिव को बुलाकर बॉबी को बाहर भेजने को कहा। इस दौरान धक्का-मुक्की, हाथापाई और मारपीट की गई। शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न की। सचिवालय से बाहर देख लेने की धमकी भी दी। घटना के बाद जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई है। कहा कि भविष्य में अनहोनी होती है तो पूर्ण रूप से बॉबी पंवार उत्तरदायी होगा।

शिकायतकर्ता कपिल कुमार का कहना है कि जब वह कमरे में गए। बीचबचाव किया गया तो बॉबी पंवार उग्र हो रहा था। जूता उतारकर मारने का प्रयास किया और हाथापाई और जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, इस संबंध में बॉबी पंवार से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। लेकिन उनका मोबाइल बंद था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली में धारा 115(2), 352, 351(3), 121(1), 132,221 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सख्त कार्रवाई करे सरकार : जोशी

सचिवालय संघ के पूर्व अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा है कि सचिवालय जैसे प्रदेश के सर्वोच्च कार्यालय में वरिष्ठ नौकरशाह तथा सचिवालय सेवा के सहयोगी साथियों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार, गाली गलौज तथा मारपीट का प्रयास अशोभनीय और निंदनीय कृत्य है। सरकार को बॉबी पंवार और उनको सह देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना चाहिए।