मसूरी ( देहरादून) । आर्यम इंटरनेशनल फाउंडेशन , भारत के तत्वावधान में संचालित ग्राम क्यारकुली भट्टा स्थित भगवान शंकर आश्रय में फाल्गुन पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से प्रारंभ हुआ। इस अवसर आज प्रथम दिवस पर हज़ारों पुष्पों से भगवान विष्णु और महालक्ष्मी के श्री विग्रह का पुष्पार्चन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य दिव्य अग्निहोत्र से समस्त पर्वतीय क्षेत्र ईश्वरीय ऊर्जा से सुवासित हो उठा। पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुरूप ‘आर्यम प्रकल्प’ में 74 महिला- पुरुषों को ‘नवदीक्षा ‘ और अन्य 21 को ‘मंत्रदीक्षा’ प्रदान की गई ।

ट्रस्ट के संस्थापक और कुलप्रमुख परमप्रज्ञ जगतगुरु प्रोफेसर पुष्पेन्द्र कुमार आर्यम जी महाराज के पावन सानिध्य में होलिका उत्सव के समस्त सत्र पूर्ण विधि विधान से प्रारंभ हुए । हमारे समस्त सांस्कृतिक पर्वों विशेषकर होली के धार्मिक , सामाजिक एवं नैतिक परिप्रेक्ष्य गुरुश्रेष्ठ ने प्रकाश डाला । श्री आर्यम जी महाराज ने इस बार होली के 2 तिथियों में विभाजित होने पर शास्त्रीय उद्धरणों के माध्यम से स्पष्ट किया कि तिथि सम्मत ढंग से होलिका दहन 6 मार्च को ही उचित है । उन्होंने कहा कि प्रदोष काल व्यापिनी फाल्गुन पूर्णिमा के दिन भद्रा रहित काल में ही होलिका दहन किए जाने का विधान है। इसका ‘धर्मसिंधु’ में स्पष्ट उल्लेख है ।

यथा – ‘सा प्रदोष व्यापिनी भद्रा रहित ग्राह्या ‘
आज ही फाल्गुन पूर्णिमा से संबंधित सभी तरह के उप कर्म आश्रम में विधि विधान से संपन्न हुए । आहूत विशेष महानुष्ठान में देश – विदेश से लगभग 300 श्रद्धालुओं ने भाग लिया । विशिष्ट ढंग से परमात्मिक पथ पर चलते हुए संकल्पित एवं संस्कारयुक्त जीवन शैली को अंगीकार करने के उद्देश्य से आर्यम प्रकल्प में 74 प्रिय आत्मनों ने आर्यम दीक्षा ग्रहण की।

जबकि पूर्व दीक्षित 21 संयोगियों की मंत्र दीक्षा सम्पन्न हुई जिनमें पूजा लाड (मुंबई) ,सोमा कुमार घोष,सोनी बरुई (कोलकता),निर्मला सिंह (जम्मू) , आयुषी (रूद्रपुर ),अनिल रावत (लुधियाना),नीतू गुप्ता (इंदौर),करण पम्मी राज (आगरा),शिखा बालियान ,नवीन कुमार ,अजय चौधरी ,निमित जैन ऋतुराज ,कपिल बालियान (मेरठ),तृप्ति अहलावत(नोएडा),ममता वर्मा, विकास वर्मा ,ख़ुशबू वर्मा( दिल्ली),वीणा गिरी ,कीर्ति राम (मसूरी), छवि त्यागी,सुनीता श्री (गुरुग्राम ) के नाम प्रमुख हैं ।
इस अवसर पर कन्या गुरुकुल नारंगपुर की छात्राओं की एक मंडली सुश्री गुलशन एवं आचार्य अलका के नेतृत्व में आश्रम पहुँची और उन्होंने सांस्कृतिक धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सहारनपुर से आये रामचरितमानस मंडल के प्रमुख श्रवण कुमार, याशिका गुप्ता एवं साथियों द्वारा भजन एवम् होली गीत प्रस्तुत किए गये।

ट्स्ट की अधिशासी प्रवक्ता माँ यामिनी ने बताया कि फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर ज्ञात अज्ञात दोषों से मुक्ति हेतु आश्रम स्थित ब्रह्मकुण्ड में संध्याकाल वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य दीपदान एवं ब्रह्म परिक्रमा की गई। साथ ही भोजन एवम् प्रसादम की भी व्यवस्था रही। समारोह के आयोजन में अविनाश सिंह अलग, अश्विनी कुमार, जितेंद्र कुमार, मनदीप कुमार, अभिमन्यु , शालिनी श्री, हर्षिता आर्यम, रेनुबाला , रवि शर्मा, प्रविंद्र, जितेंद्र, प्रीतेश, सुनील आर्य, मुकेश पटेल, करण पम्मी राज, प्रतिभा , उत्कर्ष सिंह, कल्याणी श्री , रोहित वेदवान, सुनील कुमार, आशीष कपिल, अशोक बरुई, वर्षु शर्मा, निर्मला सिंह, आरुषि आदि के नाम प्रमुख है।

