देहरादून। युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य के साथ देहरादून में दो दिनी उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट का आगाज होने जा रहा है। पैनल चर्चा के लिए खुला मंच रखा गया है, जिसमें स्कूल, कॉलेज के छात्रों सहित सभी को आमंत्रित किया गया है।

फिक्की फ्लो ‘एंपावरिंग द ग्रेटर 50%’ की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। जोकि 26 और 27 सितंबर को सॉलिटेयर फॉर्म मालसी में आयोजित होगा। राजपुर रोड स्थित मंथन हॉल में पत्रकारवार्ता में फिक्की फ्लो की राज्य संयोजक डॉ नेहा शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट स्थायी और सुरक्षित साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास मंडल के सहयोग से आयोजित इस उत्सव में सभी आयु वर्ग के लोगों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों, पैनल चर्चाओं और साहसिक कार्यशालाओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। बताया कि विभिन्न स्कूल और कॉलेज से आए छात्रों को पैनल चर्चा में भाग लेने का भी मौका मिलेगा, जिसमें होमस्टे, डिजास्टर मैनेजमेंट, रूरल टूरिज्म, करियर इन एडवेंचर, टूरिज्म और सस्टेनेबिलिटी, कौशल एवं पॉलिसी के बारे में चर्चा होगी। वहीं फिक्की फ्लो के टूरिज्म विंग की स्टेट कंसल्टेंट किरन भट्ट टोडारिया ने कहा राज्य में ऐसी बहुत सी प्रतिभाएं जो इस क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रही है, लेकिन वह मंचों पर नहीं दिखाए देते। जबिक कुछ ऐसे है जो इस क्षेत्र में आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही मार्गदर्शन नहीं मिलता। इसलिए इस फेस्ट के जरिए हम दोनों ही लोगों मंच दे रहे हैं।

बताया कि हमारा उद्देश्य उत्तराखंड को साहसिक राजधानी के रूप में उभारना है। चाहे कोई रॉक क्लाइम्बिंग करना चाहे या कैंपिंग को लेकर सीखना चाहे। सभी साहसिक गतिविधियां हम एक ही जगह उपलब्ध कराएंगे। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक दिनभर फेस्ट के दौरान गतिविधियां चलेंगी। पैनल चर्चा व साहसिक कार्यशालाओं में भागीदारी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर रहेगी। पत्रकारवार्ता में कुनाल शमशेर मल्ला और अनुराधा मल्ला उपस्थित रहे।