नई दिल्ली। पंजाब के गुरुद्वारा बुलंदपुरी साहिब में एचकेएल ग्लोबल मूवमेंट के 8वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शुक्राना ग्रैटिट्यूड फाउंडेशन की प्रतिनिधि और प्रसिद्ध वक्ता आशमीन मुंजाल ने शिरकत की। सम्मेलन की गरिमा पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति ने और बढ़ा दी। इस वैश्विक मंच पर आध्यात्मिक गुरुओं, समाजसेवियों और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने प्रेम, शांति और मानवता के संदेश को साझा किया।
इस सम्मेलन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 51 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वैश्विक एकता को प्रदर्शित करने के लिए 116 देशों के ध्वज फहराए गए, जो भाईचारे का एक सशक्त प्रतीक बने। आशमीन मुंजाल ने अपने संबोधन में कहा कि शुक्राना ग्रैटिट्यूड फाउंडेशन के लिए विनम्रता और दयालुता फैलाने के इस मिशन से जुड़ना गर्व की बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कृतज्ञता हमें भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे की अच्छाइयों को पहचानने की प्रेरणा देती है। उनका लक्ष्य एक ऐसी दुनिया बनाना है जहां इंसानियत ही सबसे बड़ा रिश्ता हो।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी एचकेएल ग्लोबल मूवमेंट के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को प्रेम और मानवीय मूल्यों की सख्त जरूरत है। एचकेएल के संस्थापक संत बाबा बलदेव सिंह जी ने अपने आध्यात्मिक संदेश में अहंकार और नफरत को त्यागकर नम्रता अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण कराते हुए सभी को समान मानने की सीख दी।
सम्मेलन में अजमेर शरीफ के हाजी सैयद सलमान चिश्ती, ब्रह्माकुमारी हुसैन दीदी और पंजाबी कलाकार एमी विर्क जैसी हस्तियों ने भी विचार रखे। कार्यक्रम से पहले दुनिया भर में 200 से अधिक एचकेएल वॉक आयोजित की गई थीं, जिनका उद्देश्य शांति का संदेश फैलाना था। शुक्राना ग्रैटिट्यूड फाउंडेशन की सहभागिता ने इस संकल्प को और मजबूत किया
