नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में राज्यस्तरीय यमुना शरद महोत्सव का मंगलवार देर रात समापन हो गया। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने सभी विजेता और उपविजेता टीमों व उनके प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस दौरान आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता के खिताब पर राजपुरा सोलन ने कब्जा किया। जबकि, सिरमौर अकादमी टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता में सिरमौर अकादमी की कुमारी रितु को सर्वश्रेष्ठ रेडर, सोलन की साक्षी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और इसी टीम से निधि शर्मा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। पुरुष कबड्डी स्पर्धा में हरियाणा चैंपियन बना। सिरमौर अकादमी टीम दूसरे स्थान पर रही। इस स्पर्धा में हरियाणा के लोकेश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, नवीन को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और सिरमौर अकादमी से उमेश शर्मा को सर्वश्रेष्ठ रेडर चुना गया। दोनों विजेता टीमों को 51-51 हजार और उपविजेता टीमों को 31-31 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ रेडर और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर को 5100-5100, जबकि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को 7500-7500 रुपये के नकद ईनाम से नवाजा गया।

हॉकी स्पर्धा में माजरा टीम विजेता और नघेता उपविजेता रहा। स्पर्धा में नघेता की सोनाली को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, माजरा की अमरदीप को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, कुमारी रितिका को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और कुमारी कनिष्का को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर चुना गया। अंडर-30 बैडमिंटन स्पर्धा में हेमंत और सुमित विजेता, दिव्यांश और अरविंद उपविजेता रहे। 30 वर्ष से अधिक वर्ग की स्पर्धा में आदिल और विक्रांत विजेता, सुनील ठाकुर और छतर उपविजेता रहे। जबकि 50 से ऊपर आयु वर्ग में सुभाष चौधरी और रणजीत सिंह बेदी विजेता, जय भगवान और नरेंद्र धीमान उपविजेता रहे। वॉलीबाल स्पर्धा में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें पीजी कॉलेज सोलन टीम विजेता रही।

सिरमौर की भजौन टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में सोलन टीम से जितेंद्र को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और दलीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के खिताब से नवाजा गया। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि यमुना शरद महोत्सव के आयोजन की परिकल्पना तत्कालीन उपमंडलाधिकारी सीआरबी ललित ने 1982 में की। 2018 में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस महोत्सव को राज्यस्तरीय दर्जा प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी कि वजह से इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन न करते हुए खेल प्रतियोगिताओं को इस महोत्सव में जोड़ा गया।

उन्होंने जिला प्रशासन और महोत्सव समिति को इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस दौरान मंत्री ने स्मारिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों ने रासलीला का प्रस्तुति दी, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान प्रियंका नेगी, एसडीएम विवेक महाजन, डीएसपी वीर बहादुर, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, आरएस बेदी, खंड विकास अधिकारी अनूप शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष जिला भाजपा कुलदीप राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, एपीएमसी अध्यक्ष उपस्थित रहे।