देहरादून। विधानसभा चुनाव 2022 में कैश लेकर चलने वालों पर इनकम टैक्स की नजर रहेगी। बृहस्पतिवार को इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काले धन को रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। 24 गुणा सात का एक कंट्रोल रूम तैयार किया गया है, जिसमें कालेधन की सूचना दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 18001804154 और 18001804227 है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति काले धन की सूचना दे सकता है। स्पेसिफिक जानकारी मिलते ही उस पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। इसके लिए फील्ड फोर्स तैनात कर दी गई है। चुनाव के लिए सभी जिलों में चार-चार अधिकारियों की क्विक रेस्पॉन्स टीम बनाई गई है।
यह टीम दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक भी पहुंचने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों के साथ मिलकर चुनाव में काम किया जाएगा। जहां भी कैश की जानकारी मिलेगी, वहां तुरंत जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। वह चाहे किसी नेता का हो या पार्टी का। इसके लिए हेलीपैड, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग की जाएगी ताकि केस की ट्रांजैक्शन को रोका जा सके, जिसका चुनाव में दुरुपयोग हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बैंक से कैसे निकाले जाने के मामलों पर भी नजर रखी जाएगी ताकि काले धन के दुरुपयोग को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि अगर पैसा पकड़ा जाएगा तो 24 घंटे में हम अपना निर्णय ले लेंगे कि उस पैसे का क्या करना है। जो पैसा ले जा रहा है, वह काला धन है या उस पर टैक्स पे किया गया है। कई बार पैसा पकड़ा जाता है उसके बाद पूरी छानबीन की जाती है। उन्होंने कहा कि ढाई लाख रुपए तक वैसे भी टैक्स नहीं लगता है तो अधिकतम ढाई लाख रुपए का कैश ले जा सकते हैं।
कैश लेकर चलें तो साथ रखें दस्तावेज
उन्होंने यह भी कहा कि आजकल शादियों का सीजन है। बहुत से लोग पैसा लेकर सामान लेने या खरीदारी करने जा रहे हैं। लोग अगर डॉक्यूमेंट दिखाते हैं, तो उनको छूट रहेगी। हालांकि उन्होंने लोगों से अपील की कि वह कैश ट्रांजैक्शन कम से कम करें। खरीदारी भी कैशलेस ही करें।
टैक्स चोरी की सूचना पर मिलेगा ईनाम
देहरादून। उन्होंने कहा कि टैक्स चोरी करने वालों की सही सटीक सूचना देने वालों को प्रोत्साहन के लिए पुरस्कार देने की योजना है। लेकिन अगर यह गलत हुआ तो इसमें लेने के देने भी पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वालों को आयोग के सामने देनदारी और एसेट का ब्यौरा देना होता है। उसकी छानबीन इनकम टैक्स विभाग करता है। उन्होंने कहा कि हर संदिग्ध खाते पर हमारी नजर रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस का नेटवर्क गांव-गांव तक फैला है। जैसे ही कोई सूचना देगा, कोई ना कोई टीम तुरंत पहुंच जाएगी।
अब तक पकड़े जा चुके 45 लाख
देहरादून। उन्होंने बताया कि चुनाव की घोषणा होने से पहले ही 45 लाख रुपए सील किए गए हैं। 37 रुपए अन्य भी पकड़े गए हैं, जिसकी जांच हो रही है। हमने चुनाव प्रोसेस में अभी कुछ और नहीं पकड़ा है, जिस पर टैक्स जमा नहीं हुआ हो। उन्होंने बताया कि 2017 के विधानसभा चुनाव में 24 लाख रुपए सील किया गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में 1.71 करोड रुपए सील हुए। उन्होंने बताया कि अभी कुछ चलन से बाहर हो चुकी करेंसी भी पकड़ी गई है। उस करेंसी को रखना भी अपराध है। उन्होंने कहा कि वह अघोषित आय हैं, उसी तरह उस पर भी टैक्स लगाया जाएगा।-अनिल चंदोला

