नई दिल्ली। अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को बैन कर दिया गया था। इनमें सबा कमर, मावरा होकेन, अहद रजा मीर और युमना जैदी जैसे कई चर्चित नाम शामिल थे। इसके चलते भारतीय यूजर्स इन कलाकारों के इंस्टाग्राम प्रोफाइल्स को नहीं देख पा रहे थे।

हालांकि बीते दिन इन कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक भारत में फिर से दिखाई देने लगे, जिससे हर कोई हैरान था। सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं कि क्या सरकार ने बैन हटा दिया है या फिर कोई तकनीकी गड़बड़ी हुई है। लेकिन अब एक नई अपडेट सामने आई है — इन सभी पाकिस्तानी कलाकारों के अकाउंट्स भारत में फिर से ब्लॉक कर दिए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह बैन हटना सिर्फ एक दिन की तकनीकी त्रुटि हो सकती है। सबा कमर और मावरा होकेन के अकाउंट्स को भारतीय यूजर्स ने कुछ घंटों के लिए एक्सेस किया, लेकिन अगले ही दिन ये अकाउंट्स फिर से भारत में शो होना बंद हो गए।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स कई सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सिर्फ एक दिन के लिए ये अकाउंट्स क्यों चालू हुए थे। क्या यह गलती थी या फिर लोगों की नाराजगी और प्रतिक्रियाओं को देखते हुए इंस्टाग्राम ने दोबारा इन्हें ब्लॉक कर दिया? इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

उधर, दिलजीत दोसांझ की पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की मौजूदगी को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई है, लेकिन विदेशों में रिलीज के बाद भी इसका विरोध भारत में देखने को मिल रहा है। दिलजीत दोसांझ को इसको लेकर सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि कई सेलेब्स उनका समर्थन भी कर रहे हैं।

पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स के दोबारा बैन होने और ‘सरदार जी 3’ विवाद के बीच लोग यह बहस भी कर रहे हैं कि पाक कलाकारों को भारत में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जगह दी जानी चाहिए या नहीं।

फिलहाल, मावरा होकेन और सबा कमर समेत सभी पाकिस्तानी कलाकारों के अकाउंट फिर से भारत में दिखाई नहीं दे रहे हैं, और सरकार या इंस्टाग्राम की तरफ से इस पर कोई स्पष्ट सफाई भी नहीं दी गई है।