यमन में इजरायल की एयरस्ट्राइक, WHO प्रमुख टेड्रोस एडनॉम बाल-बाल बचे

Israel News

नई दिल्ली। यमन के सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को इजरायल द्वारा की गई एयरस्ट्राइक में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डायरेक्टर-जनरल टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस बाल-बाल बच गए। इस हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और एक फ्लाइट क्रू सदस्य घायल हुआ।

टेड्रोस एडनॉम ने X (पूर्व में ट्विटर) पर बताया कि वे संयुक्त राष्ट्र (UN) और WHO के सहयोगियों के साथ एक फ्लाइट में सवार होने वाले थे, तभी एयरपोर्ट पर हमला हुआ। उन्होंने लिखा, “हम यमन में स्वास्थ्य और मानवीय स्थिति का आकलन करने का अपना मिशन समाप्त कर चुके थे और रवाना होने वाले थे। हवाई अड्डे पर हुई बमबारी में हमारे विमान के चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया। हवाई हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और एयरपोर्ट का प्रस्थान लाउंज और रनवे क्षतिग्रस्त हो गए।”

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन करने और नागरिकों व मानवीय कार्यकर्ताओं को निशाना न बनाने का आह्वान किया। गुटेरेस ने कहा, “यमन और इजरायल के बीच हालिया तनाव चिंताजनक है। हवाई हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई और दर्जनों घायल हुए हैं। सभी पक्षों से सैन्य कार्रवाई रोकने और संयम बरतने की अपील करता हूं।”

इजरायल रक्षा बल (IDF) ने कहा कि उनकी वायु सेना ने यमन में हौथियों के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अल-हुदैदाह बंदरगाह और रास कनातिब जैसे रणनीतिक स्थान शामिल हैं। IDF के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य हौथी सैन्य ढांचे और उसके संचालन को कमजोर करना था।

हमले के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर, प्रस्थान लाउंज और रनवे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। WHO प्रमुख और उनकी टीम को एयरपोर्ट पर मरम्मत कार्य पूरा होने तक इंतजार करना पड़ा।

यमन में बढ़ते संघर्ष और हिंसा ने देश में मानवीय संकट को और गंभीर कर दिया है। WHO और UN जैसी संस्थाएं स्थिति को संभालने और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, इस तरह की घटनाएं मानवीय प्रयासों को बाधित कर रही हैं। यह घटना यमन में बिगड़ती स्थिति और अंतर्राष्ट्रीय कानून के उल्लंघन की ओर ध्यान आकर्षित करती है, जहां नागरिक और मानवीय कार्यकर्ता संघर्षों के बीच फंसे हुए हैं।

advertisement at ghamasaana