मुजफ्फरनगर । खतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बिहारीपुर में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने अक्षय नाम के एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे आनन-फानन में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान अक्षय ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मंगलवार की सुबह मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खतौली थाने का घेराव किया और जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने सोची-समझी साजिश के तहत अक्षय को निशाना बनाया है। ग्रामीण जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक अक्षय अपनी छह बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन स्वयं खतौली थाने पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल ग्रामीण थाने पर डटे हुए हैं और पुलिस को लिखित तहरीर देने की प्रक्रिया चल रही है। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
