देहरादून l दिल्ली निवासी मुस्लिम समुदाय के युवक ने धर्म छिपाकर हिन्दू युवती से विवाह कर लिया। मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संज्ञान लिया है। मामले में जानकारी मिली कि रुद्रपुर निवासी एक हिन्दू युवती से दिल्ली निवासी मुस्लिम युवक ने खुद को हिन्दू बताकर बीते 10 दिसम्बर को शादी कर ली। जब दुल्हन के परिवार को युवक के परिवार एवं धर्म की सच्चाई पता चली तब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
युवती के परिजनों ने बताया कि शादी से पहले युवक ने अपना नाम अमन चौधरी बताया था। उसने घर को हिंदू रीति-रिवाज से सजा रखा था। युवती के परिवार को जब घर दिखाया गया और परिवार के सदस्यों से मिलाया गया तो घर पूर्ण रूप से हिन्दू परिवार की तरह था। शादी के बाद युवक की जब असलियत सामने आई तो उसका असली नाम अमन कुरैशी पता चला। मामले में जानकारी मिली कि संतोष कुमार निवासी कुमौड़, पिथौरागढ़ ने युवती का रिश्ता करवाया था। बताया गया कि युवक पहाड़ी मूल के कुमाऊंनी परिवार से है। परिवार दिल्ली में सेटल है। युवक दिल्ली में ही कारोबार करता है। जिसके आधार पर यह विवाह कराया गया था।
मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसपी उत्तम सिंह नेगी से फोन पर वार्ता की और धर्म के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी सहित युवती के परिवार को झूठे भरोसे में लाकर विवाह कराने वाले के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए है।
आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि मामला गंभीर है। आरोपियों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। राज्य महिला आयोग पीड़ित परिवार के साथ है। बताया कि एसपी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि धर्म छिपाकर विवाह करने के मामले में युवती के भाई की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में दो लोगों के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 के तहत 3 और 5, भारतीय न्याय संहिता 2023 (बीएनएस) के तहत 318 (4) और 319 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।
