देहरादून। सेलाकुई स्थित सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग भारती की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने कामगार महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक किया।

सोमवार को आयोजित शिविर में एक्होम फाउंडेशन की फाउंडर डॉ अपाला बडूनी ने कामगार महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय शहरी क्षेत्र में ब्रेस्ट कैंसर से पीडि़त ज्यादा महिलाएं मिल रही हैं। जबकि गांवों में सर्वाकिल कैंसर के मरीज ज्यादा हैं।
शहरी क्षेत्र में इसके लिए खानपान और गतिहीन जीवनशैली जिम्मेदार है। जबकि गांवों में महिलाओं में साफ-सफाई न होने इसका बड़ा कारण है। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कैंसर के मरीज बढ़े हैं। डॉ बीना बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले तीन साल में कैंसर मरीजों में बढ़ोत्तरी हुई है। फाउंडेशन के कर्नल सुनील नैथानी ने कामगार महिलाओं से अपने अपने घरों में तंबाकू, बीड़ी-सिगरेट से दूरी बनाए रखने की अपील की।

लघु उद्योग भारती के प्रांतीय महामंत्री विजय सिंह तोमर ने कामगार महिलाओं से अच्छी जीवनशैली के लिए अच्छे खानपान पर जोर दिया। जिला ग्रामीण महामंत्री रवींद्र भटट ने शिविर में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में रविता भारद्वाज, कल्पना, प्रीति सेमवाल, प्रीति भटट, हिमानी, आनंदी, सीमा, अंजलि, जयमाला, संध्या, राखी, रचना, सुलेखा, पिंकी, मनीषा, किरण समेत 100 से आदि कामगार महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

