गुजरात में बड़ी घटना, गंभीरा ब्रिज टूटा, कई वाहन नदी में गिरे, तीन की मौत

gujrat news

अहमदाबाद। गुजरात में भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ने वाला गंभीरा नदी पर बना पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया। जिससे उस वक्त पुल से गुजर रहे कई वाहन नदी में गिर गए। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं और कुछ के लापता होने की आशंका है।

हादसा सुबह करीब 6.30 बजे के आसपास हुआ, जब पुल पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। भारी बारिश के चलते नदी में पानी का तेज बहाव था और पुल की आधारभूत संरचना पहले से कमजोर बताई जा रही थी। अचानक पुल गिरने से कई वाहन नदी में गिर गए। तीन शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि 5 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।

मौके पर दमकल विभाग की टीमें पहुंच चुकी हैं और राहत.बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।इस मामले में जिला कलक्टर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत कार्य जारी है और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है ताकि यातायात बाधित न हो।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह पुल काफी पुराना था और हाल के वर्षों में इसकी मरम्मत की मांग उठती रही है। बारिश में इसके नीचे की मिट्टी बहने और संरचनात्मक कमजोरी के चलते इसके गिरने की आशंका जताई जा रही थी।

वहीं कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता अमित चावड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाला मुख्य गंभीरा पुल टूट गया है। कई वाहन नदी में गिर जाने से बड़ी जनहानि की आशंका है। सरकारी अधिकारियों को तुरंत बचाव कार्य शुरू करना चाहिए और यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने साथ ही सवाल उठाया कि पुल की हालत की समय पर जांच क्यों नहीं की गई और प्रशासन की लापरवाही ने आम लोगों की जान को जोखिम में क्यों डाला।

advertisement at ghamasaana