देहरादून l राजपुर रोड स्थित एक नामी स्कूल में 10वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। आरोप उसी स्कूल में 12वीं में पढ़ने वाले छात्र पर लगा है। उसे माैके पर ही पकड़ लिया गया है। आरोपी छात्र मुस्लिम समुदाय से जुड़ा है। आरोप है कि योग क्लास के कक्ष में गलत हरकत की गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में शिकायत की थी। बताया कि परिजनों को उस समय घटना का पता चला जब वह छात्रा को लेने स्कूल गए। बेटी समय पर स्कूल से बाहर नहीं आई तो परिजन स्कूल में गए। स्कूल में जाकर उनको पता चला कि उनकी बेटी के साथ यह घटना हुई है।

बताया गया है आरोपी ने छात्रा को अकेली पाकर योग क्लास वाले कक्ष में खींचकर छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया जिस पर स्कूल के स्टाॅफ ने आरोपी को वहीं पकड़ लिया।

इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया। इसके बाद आरोपी को लेकर पुलिस जाखन चौकी पहुंची। छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी मुस्लिम समुदाय से जुड़ा बताया गया है।

हाल के दिनों में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के कई मामले सामने आ गए हैं। कई मामलों में हंगामा भी हुआ। बीते हफ्ते पलटन बाजार से सटे डिस्पेंसरी रोड में चप्पल की दुकान में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। दुकान में काम करने वाले युवक पर आरोप लगने के बाद दो समुदाय के लोगों में विवाद भी हुआ। बाजार बंद तक किए गए थे। वहीं, इस दौरान 12 साल की आठवीं की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप उसके स्कूल वैन चालक पर लगा था। डालनवाला स्थित प्रतिष्ठित स्कूल में छात्र के साथ रैगिंग, मारपीट और यौन शोषण के आरोप लगे थे। इसके अलावा ऋषिकेश सहित अन्य जगहों से भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की है।