नई दिल्ली। सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली विश्वविद्यालय के माता सुंदरी कॉलेज फॉर विमेन के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक की। इस बैठक का मुख्य ध्येय संस्थान के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा खींचना और दीर्घकालिक लक्ष्यों को साधते हुए 15 वर्षीय विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करना था। इस अवसर पर गवर्निंग बॉडी के सदस्य सरदार कुलबीर सिंह भी मौजूद रहे।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. हरप्रीत कौर ने 1967 में स्थापना के बाद से संस्थान की यात्रा का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने दो इकाइयों वाले इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP), नैक प्रत्यायन और शोध पत्रिका की उपलब्धियों को साझा किया। साथ ही भाई मनी सिंह जी आर्काइव का उद्घाटन करने हेतु कालका जी का आभार जताया, जिससे पंजाब, पंजाबी भाषा और सिख इतिहास से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज डिजिटल रूप में शोधार्थियों को उपलब्ध होंगे। प्राचार्या ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि पहली बार किसी अध्यक्ष ने कर्मचारियों के बीच आकर भविष्य की नीतियां तय करने में उनकी राय ली है।
बैठक में विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने अपनी योजनाएं रखीं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित लर्निंग एवं इनक्यूबेशन सेंटर, मीडिया लैब, पॉलिसी लैब, डिजिटल कक्षाएं, पर्यावरण निगरानी केंद्र और अनुवाद केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव रखे गए। सरदार हरमीत सिंह कालका ने इन सभी प्रस्तावों को समेकित करने के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 वर्षों के लिए ठोस विकास योजना बनाने और गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों तथा खालसा कॉलेजों में बेहतर तालमेल स्थापित करने पर बल दिया, ताकि विशेष रूप से बालिकाओं की उच्च शिक्षा को अधिक सशक्त बनाया जा सके।
