देहरादून। उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम की यात्रा को प्रशासन ने दो दिनों के लिए स्थगित किया है। बीते कुछ दिनों से गंगोत्री हाईवे पर हेल्गू गाड़ के समीप लगातार भूस्खलन से हाईवे बाधित हो रहा है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों को उत्तरकाशी से आगे नहीं ‌जाने दिया जाएगा।

जनपद में रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते गंगोत्री हाईवे हेल्गू गाड़ के समीप बीते बुधवार शाम को बंद हो गया था। यहां पहाड़ी से बोल्डर व मलबा लगातार गिर रहा था। दो दिन बाद शुक्रवार सुबह हाईवे को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया था। लेकिन शनिवार सुबह फिर बोल्डर व मलबा गिरने से उक्त स्थान पर हाईवे बंद हो गया।

वहीं बारिश की दृष्टि से अगले दो दिनों तक उत्तरकाशी जनपद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने शनिवार से अगले दो दिनों तक गंगोत्री यात्रा स्थगित कर दी है। प्रशासन का कहना है कि शनिवार से पहले जो लोग उत्तरकाशी से यात्रा के लिए निकल चुके हैं। उन्हें रोका नहीं जाएगा। लेकिन जो लोग शनिवार सुबह उत्तरकाशी पहुंचे हैं। उन्हें यह‌ीं रोक दिया जाएगा। शनिवार से दो दिनों तक गंगोत्री यात्रा पूर्ण रूप से स्थगित रहेगी। प्रशासन का कहना है कि उक्त निर्णण बीआरओ व संबंधित क्षेत्र के एसडीएम की संस्तुति पर लिया गया है।