उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, बंद रहेंगे स्कूल

dehradun city news

देहरादून l आने वाले 24 घंटे बारिश के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि ज्यादातर स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिसके चलते जनहानि की भी आशंका है।

वीरवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सुबह से शाम तक बारिश होती रही, जिसके चलते जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। शहर में कई जगह बारिश के चलते जाम की स्थिति भी बनी रही और सड़कों गलियों में पानी भरा रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे और ज्यादा बारिश वाले हो सकते हैं।

वीरवार शाम को जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां भी भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

मौसम के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि भारी बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में और नदी नाले के किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश की दशा में अचानक नदी नाला का जलस्तर बढ़ सकता है जिससे जनहानि संभव है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है।

देहरादून के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जनपद के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जिले में चल रही खेल प्रतियोगिताओं को एक दिन के लिए स्थगित किया जाता है। इस दिन के खेलों के आयोजन की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। वहीं बताया गया है कि हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, उधमसिंह नगर में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया जा रहा है।

advertisement at ghamasaana