देहरादून । जो अभ्यर्थी राज्य की स्टेट यूनिवर्सिटियों और कालेजों में एडमिशन से वंचित रह गये हैं, उन्हें 27 अगस्त से फिर एक मौका दिया जाएगा। 27 अगस्त से 5 सितम्बर तक समर्थ पोर्टल को दोबारा खोलने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री डा. धनसिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश से किसी भी युवा को वंचित नहीं रखा जायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद, सीबीएसई एवं अन्य बोर्डों की परीक्षाफल सुधार परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं, केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश से वंचित एवं अन्य कारणों से प्रवेश न ले पाने वाले छात्र-छात्राओं की आवश्यकता को देखते हुए राज्य विवि और उनसे संबद्ध कालेजों यूजी और पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए अंतिम मौका दिया जायेगा।
मंत्री ने बताया कि उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिये समर्थ पोर्टल पर अब तक स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिये कुल 76030 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जिसके तहत कुमाऊं विश्वविद्यालय में 31101, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय 31326 तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में 13603 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
इसी प्रकार परास्नातक प्रथम सेमेस्टर हेतु कुल 24895 छात्र-छात्राओं ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है जिसमें कुमाऊं विश्वविद्यालय में 12249, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय 8193 तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में 4453 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। कुल पंजीकरण के सापेक्ष अब तक परास्नातक कक्षा के लिये 9324 तथा स्नातक में 48251 छात्राओं ने प्रवेश लिया है।

