देहरादून। उत्तराखंड की पहाड़ियों पर मौसम खराब हो गया है। यहां जमकर हिमपात हो रहा है। केदारनाथ धाम में भी बारिश और हिमपात शुरू हो गया है। जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। लोग जरूरत के सामान खरीदकर घरों में दुबक गए हैं।
चमोली जनपद में बृहस्पतिवार दोपहर बाद बारिश और बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। नीती और माणा घाटियों में बृहस्पतिवार को जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी देर शाम तक जारी थी।

कड़ाके की ठंड के चलते लोग भी दिनभर अपने घरों में दुबके रहे। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी, काली माटी और नीती घाटी के गांवों में बर्फबारी हुई, जबकि गोपेश्वर, पीपलकोटी, जोशीमठ, घाट, पोखरी क्षेत्र में बारिश हुई। मौसम में आए परिवर्तन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोगों ने बाजारों में जरुरी सामग्री खरीदी और अपने घरों को लौट गए।

