सहारनपुर। अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते देश भर का माहौल राममय हो रहा है। इसकी वजह से देश भर में श्रीराम दरबार की मांग बढ रही है।
सहारनपुर में श्रीराम दरबार बनाने वाले कारोबारी नदीम मलिक 22 जनवरी को पांच सौ श्रीराम दरबार लोगों को उपहार देंगे।
काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों के लिए दुनिया भर में मशहूर सहारनपुर में एमडीएफ (मीडियम डेंसिटी फाइबर) बोर्ड से श्रीराम दरबार बनाए जा रहे हैं। अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के कारण देश भर से श्रीराम दरबार की मांग लगातार बढ रही है।
काष्ठ हस्तशिल्प उत्पाद तैयार करने वाले कारोबारी नदीम मलिक पहले जहां प्रतिदिन करीब सौ श्रीराम दरबार तैयार कर रहे थे उनके यहां अब 500 से अधिक बन रहे हैं। देश भर से लगातार मांग बढ रही है। इसके चलते श्रीराम दरबार की मांग पूरा करना मुश्किल हो रहा है। यहां से देश के अधिकांश प्रदेशों में श्रीराम दरबार की सप्लाई हो रही है।
काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों की ट्रेडिंग करने वाले शरण भाटिया बताते हैं कि भविष्य में श्रीराम दरबार का निर्यात भी किया जाएगा। जिन देशों में भारतीय रहते हैं वहां से इसके ऑर्डर मिलने की संभावना है। अभी तो देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले ऑर्डर को पूरा करना ही मुश्किल हो रहा।
22 जनवरी को 500 श्रीराम दरबार लोगों को उपहार के तौर पर देंगे। श्रीराम दरबार की मांग अधिक होने से अन्य काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों को तैयार करने का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसकी सप्लाई पूरे देश में हो रही है। — नदीम मलिक, वुड कार्विंग कारोबारी।

