गुप्तकाशी। मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर मैक्स-कैब दुर्घटनाग्रत हो गई, जिसमें चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को गहरी खाई से निकालकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतक के घर-परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है।
शनिवार को मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर छेनागाड़ से लगभग दो किमी पहले एक मैक्स-कैब अनियंत्रित होकर लगभग डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का पता रविवार सुबह लगभग 8 बजे पता चला, जब मार्ग पर क्षेत्र के गांवों से वाहन गुजरने शुरू हुई।
सूचना पर मौके पर गुप्तकाशी के थानाध्यक्ष अजय जाटव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से लगभग 150 मीटर गहरी खाई से शव को निकाला, जिसकी शिनाख्त वाहन चालक सुदर्शन सिंह रौथाण (40), निवासी, पांट्यिूं के रूप में हुई। गुप्तकाशी जीप-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष राम सिंह राणा ने बताया कि थानाध्यक्ष अजय जाटव ने बताया कि संभवत: वाहन चालक रात्रि को छेनागाड़ से अपने घर की तरफ जा रहा था। अंधेरा होने के कारण वाहन अचानक खाई में गिर गया।

