नई दिल्ली। पाकिस्तान में सरकार बदलते ही यह अनुमान लगाया जाने लगा कि हो सकता है कि जल्द ही भारत पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज शुरू हो जाए। क्योंकि दोनों देशों के फैंस को इन मैचों का इंतजार रहता है। मैच के दौरान जो रोमांच और टेंशन होता है वह दुनिया के किसी भी देश के साथ नहीं है। इसीलिए दुनिया के किसी भी देश में प्रतियोगिता हो भारत पाकिस्तान मैच को काफी अहमियत दी जाती है। लेकिन पिछले कई सालों से भारत और पाकिस्तान के बीच कोई सीरिज नहीं हुई है, दोनों टीमें केवल आईसीसी या फिर एशिया कप में ही भिड़ती नजर आई हैं।
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (pcb) के चेयरमैन रमीज राजा ने आईसीसी (icc) के सामने एक प्रस्ताव रखा था, जिसमें 4 टीमों के बीच एक सीरीज कराने की मांग की थी यह टीमें इंडिया, पाकिस्तान, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं। दरअसल इसके पीछे रमीज राजा की यह सोच थी कि भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को सुधारा जाए और दोनों टीमें एशिया, आईसीसी टूर्नामेंट के अलावा भी एक.दूसरे के खिलाफ सीरीज खेलें।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के सीईओ टॉम हैरिसन ने भी आईसीसी की चीफ एग्जीक्यूटिव कमेटी की मीटिंग में इसी तरह की एक सीरीज का सुझाव दिया था। यह मीटिंग 8 अप्रैल को ही दुबई में हुई थी। हालांकि यह सुझाव रमीज राजा के प्रस्ताव से अलग था।
क्रिकबज की रिपोर्ट की माने तो रमीज राजा के प्रस्ताव पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड न्यूट्रल बना हुआ है। यानी बीसीसीआई (bcci) ने ना तो हां कहा है और ना ही इनकार किया है। वह चाहता है कि मामला आगे बढ़ता है तो बढ़ने दो हम अपना फैसला आखिर में बताएंगे। ऐसे में अब देखना होगा कि यह मामला किस ओर जाता है कुछ भी हो, लेकिन फैन्स को अब भी भारत.पाकिस्तान सीरीज का बेसब्री से इंतजार है।
