नई दिल्ली। फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रणबीर कपूर की शादी के दिन जैसे-जैसे करीब आते जा रहे हैं, वैसे- वैसे ही इसे लेकर चर्चाएं भी तेज होती जा रही हैं। कपल की इस सीक्रेट मैरिज को लेकर बीते कई दिनों से लगातार तरह- तरह की खबरें और रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं।
इस हफ्ते शादी के बंधन में बंधने वाले रणबीर और आलिया की वेडिंग डेट को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है, लेकिन फिर भी मुंबई स्थित रणबीर कपूर के पुश्तैनी घर की सजावट इस बात को बताने के लिए काफी है कि जल्द ही इस घर में कोई मंगल कार्य होने वाला है।
एक्ट्रेस के सौतेले भाई राहुल भट्ट ने शादी में शामिल होने वाले मेहमानों से जुड़ी जानकारी साझा की। राहुल ने बताया कि दोनों कलाकारों की शादी में सिर्फ 28 मेहमान ही आएंगे। इनमें से ज्यादातर लोग घरवाले और खास दोस्त होंगे। जानकारी के मुताबिक यह कपल मुंबई स्थित आरके हाउस में सात फेरे लेने वाला है।
