मंगलौर के घोसीपुरा में बवाल, पथराव और फायरिंग में दो युवकों को गोली लगी

Mangalore

मंगलौर। दो दिन पहले ग्राम पंचायत की खुली बैठक में शुरु हुई मामूली कहासुनी बवाल और खूनी संघर्ष में बदल गई। घोसीपूरा गांव में दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई। गोली लगने से दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। मारपीट व पथराव में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात की गई है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के घोसीपुरा गांव में दो दिन पूर्व ग्राम पंचायत की खुली मीटिंग हो रही थी, जिसमें प्रधान शमशाद अली व हाकम पक्ष के बीच मामूली कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों का फैसला भी हो गया था। रविवार की देर शाम को दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे व पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायर किए गए। फायरिंग में अहसान व शाहरुख को गोली लग गई।

अहसान को आंख के ऊपर गोली लगी है जबकि शाहरूचा के कमर में छर्रे लगे हैं। दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। जिसके बाद आसपास के लोगों ने दोनो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। इसके अलावा मारपीट में दोनों पक्षों के जमशेद अली, रियाजुल, हाकम अली, हारून शेर खान समेत आधा दर्जन लोगों को भी चोट आई है। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ ही पीएसी की भी तैनाती की गई है। प्रधान जमशेद अली ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष द्वारा दर्जनों राउंड फायर की गई है, जिसमें उनके पुत्र अहसान को गोली लग गई।

उन्होंने बताया कि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। वही कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आधा दर्जन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

advertisement at ghamasaana