देहरादून l उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का उद्घाटन समारोह में मशहूर हिंदी और पंजाबी गायक बी प्राक ने अपने सुरों से समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक ऐसे झूमे कि उनका संडे स्पेशल बन गया। बी प्राक की खनकती हुई आवाज से स्टेडियम गूंज उठा।

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित लीग को दर्शकों के लिए भव्य और मनोरंजनपूर्ण बनाने के लिए संगीतमय शाम का आयोजन किया गया। प्राक जैसे ही मंच पर आए स्टेडियम की हर सीट से बी-प्राक, बी-प्राक की आवाज आ रही थी। मंच पर शानदार रोशनी सज्जा के बीच प्राक ने जमकर सुरों के रंग बिखेरे। उन्होंने तेरा हो जाऊं…, माही…, चन्ना मेरे या मेरे या…, सानू इक पल चैन न आवे…., तेरी मिट्टी…, जैसे गीतों से इस संगीतमयी शाम को रॉकिंग बनाया। श्रोता उनके साथ गाते और झूमते नजर आए।

काफी श्रोताओं ने उनके नजदीक जाने की कोशिश भी की तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। श्रोता बार बार प्रॉक से और गीत गाने की फरमाइश करते दिखे। बाद में अभिनेता सोनू सूद और बीजेपी सांसद व भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी की फरमाइश पर उन्होंने तलवारों पर सर वार दिए…गीत गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने लीग की ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रीमियर लीग जैसी प्रतियोगिताओं से हमारे प्रदेश के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर प्राप्त होंगे जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद मनोज तिवारी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, फिल्म अभिनेता सोनू सूद, क्रिकेट एशोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव महिम वर्मा आदि मौजूद रहे।